ट्रांसजेंडर से शादी करने वाली युवती
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के गुलरिहा की युवती अपने प्रेमी के साथ फर्रुखाबाद में ही रहेगी। कोर्ट में उसका बयान होने के बाद शुक्रवार को पुलिस युवती को सुरक्षा में लेकर फर्रुखाबाद रवाना हो गई। युवती के पिता ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर युवती से रिश्ता तोड़ने और उसे उसकी मर्जी के हिसाब से रहने देने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा निवासी एक युवती 19 जुलाई को घर से ब्यूटी पार्लर के लिए निकली और लापता हो गई। खोजबीन के बाद पिता ने फर्रुखाबाद के रहने वाले अंकित यादव के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज करा दिया। 24 जुलाई की सुबह पुलिस ने अंकित को फर्रुखाबाद से हिरासत में लेने के साथ ही युवती को बरामद कर लिया। पूछताछ करने पर दोनों ने बालिग होने का प्रमाण पत्र दिखाने के साथ मर्जी से साथ रहने और शादी करने की जानकारी दी।
गोरखपुर पहुंचने पर पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि अंकित ट्रांसजेंडर है। उसका वास्तविक नाम पूजा है। युवती से उसकी जान पहचान 10 साल पुरानी है। शादी करने के लिए उसने अपना नाम पूजा से बदलकर अंकित कर लिया है। इसके अलावा लिंग परिवर्तन की प्रक्रिया भी शुरू करा दी है। युवती के बालिग होने और अपनी मर्जी से फर्रुखाबाद जाने की जानकारी देने पर पुलिस ने अंकित को छोड़ दिया था।
शुक्रवार की सुबह गुलरिहा थाने पहुंचे पिता ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि अब बेटी से परिवार का कोई रिश्ता नहीं है। वह अपनी मर्जी से जहां रहना चाहे रहे। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि आशा ज्योति केंद्र में रखी गयी युवती को शुक्रवार की सुबह गुलरिहा पुलिस अपने साथ फर्रुखाबाद ले गई।