जेल में रेशमा के टैटू की खूब हो रही चर्चा
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर में देह व्यापार प्रकरण में आरोपी बनी रेशमा खान की गिरफ्तारी के बाद अब उसके इंस्टाग्राम फॉलोइंग सूची में शामिल उसके 34 दोस्त भी निशाने पर हैं। सोशल मीडिया पर इन 34 दोस्तों से रेशमा की खूब बातें हुई हैं।
वहीं इस केस में पुलिस को देवरिया की नंदनी के साथ ही गोरखपुर और महाराजगंज की दो युवतियों की संलिप्तता मिली है। पुलिस ने तीनों युवतियों से संपर्क कर पूछताछ करने की कोशिश भी की लेकिन तीनों मोबाइल बंदकर भागी हुई हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर रेशमा खान ने 50 से अधिक रील्स बनाकर वीडियो अपलोड किए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कितनी हाई-फाई जिंदगी जी रही रही थी। रेशमा ने हाथ में एक नहीं कई जगह टैटू बनवाए हुए हैं।
उसके अधिकतर वीडियो लक्जरी कारों और होटलों में बनाए गए हैं। वह प्रसिद्ध मॉडल को भी इंस्टाग्राम पर फॉलो की हुई है। उस मॉडल के हमेशा नए-नए डिजाइन के ड्रेस में वीडियो भी वायरल होते हैं। उसी तरह रेशमा भी ड्रेस पहनने की कोशिश करती है।
रेशमा के इंस्टाग्राम पर 34 अच्छे दोस्त हैं, जिन्हें उसने फालोइंग सूची में शामिल किया है। इसके अलावा 600 से अधिक लोगों ने रेशमा को फाॅलो किया है। पुलिस ने 34 दोस्तों में से कुछ से पूछताछ भी की है। उनकी संलिप्तता नहीं मिलने पर छोड़ दिया गया। इसी तरह कुछ और खास दोस्तों ने मोबाइल फोन बंद कर लिया है। जिनपर पुलिस का शक और गहरा हो गया है।
नंदनी को धंधेबाज बुलाते हैं परी
हुक्का बार में छापा मारने के बाद से ही मोबाइल बंद कर नंदनी भागी हुई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि धंधेबाज नंदनी को परी कहकर बुलाते थे। काफी दिनों तक पुलिस नंदनी नाम से उसकी तलाश कर रही थी। बाद में पता चला कि उसका परी नाम अधिक लोग जानते हैं। पुलिस को उसके ठिकाने पर पता चल गया है। बहुत जल्द उसकी भी गिरफ्तारी हो सकती है। नंदनी उर्फ परी इसमें सबसे अधिक शातिर बताई जा रही है। उसपर कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप है। इवेंट प्लानर बनकर वह लड़कियों को नौकरी देने के बहाने फंसाती थी।
ये थी पूरी घटना, जांच में देहव्यापार भी आया सामने
शाहपुर स्थित हुक्का बार में तीन किशोरियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया। तीनों किशोरियों ने केस दर्ज कराया फिर जांच शुरू हुई तो देह व्यापार का मामला भी सामने आया। पहला केस रामगढ़ताल इलाके की किशोरी ने दो जनवरी को थाने में दर्ज कराया। इसके बाद शाहपुर थाने में कैंपियरगंज की किशोरी ने दस जनवरी और दूसरी देवरिया की किशोरी ने 13 जनवरी को परिवार के साथ पहुंचकर केस दर्ज कराया था। 09 फरवरी को शाहपुर थाने में बेतियाहाता की युवती ने केस दर्ज कराया है।