फुटबॉल के इंडियन सुपर लीग में इस बार गोरखपुर का एक सितारा भी चमकेगा। शहर के प्रतिभावान गोलकीपर अमन साहनी के साथ लीग की मजबूत टीम केरला ब्लास्टर्स ने अनुबंध किया है। महज 16 साल की उम्र में इस फुटबॉलर ने राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय फलक पर इंडियन टीम से खेलते हुए गोरखपुर का नाम रोशन किया है।
जेल बाईपास रोड स्थित सरस्वतीपुरम कॉलोनी में बीएसएफ से रिटायर्ड पिता एसके साहनी और मां पूनम साहनी के साथ रहने वाले अमन ने महज नौ साल की उम्र से ही फुटबॉल खेलना शुरू कर दिया था। खेल में उनकी तल्लीनता को देखते हुए पिता ने उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का हौसला दिया।
इसके बाद अमन ने सेंट एंड्रयूज कॉलेज में फुटबॉल शिविर में प्रैक्टिस शुरू किया। वर्ष 2017 में सब जूनियर वर्ग में यूपी टीम में जगह बनाई। वर्ष 2018 में आयोजित अंडर-17 वर्ग के सुब्रतो कप में शामिल हुए। फिलहाल वह अंडर-16 भारतीय टीम में अपने खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। अमन साहनी ने बताया कि उनका सपना है कि वह इंडियन टीम का हिस्सा रहते हुए अपनी टीम को वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कराएं।