फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम योगी की मंशा पर शुरू हुई गोरखपुर महोत्सव की तैयारी, इन कलाकारों को मिलेगा मौका

Sat, 12 Dec 2020 07:13 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

  • कमिश्नर ने पर्यटन विभाग को संसाधन के मुताबिक प्रस्ताव तैयार कर देने का निर्देश दिया
  • बॉलीवुड नाइट, बाहर के ट्रुप नहीं, लोकल कलाकारों को ही मंच साझा करने का मिलेगा मौका
विज्ञापन
गोरखपुर महोत्सव। (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर महोत्सव टालने का एक बार मन बना चुके आयोजन समिति एवं प्रशासन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा पर इसे फिर से करने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि कोरोना संक्रमण का खतरा अभी बने रहने की वजह से हर साल की तरह इस बार भव्य नहीं बल्कि छोटे स्तर पर ही महोत्सव मनाने की तैयारी चल रही है।

विज्ञापन


इस संबंध में शनिवार को महोत्सव आयोजन समिति की हुई बैठक में समिति के अध्यक्ष व कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने पर्यटन विभाग को निर्देश दिया कि विभाग के पास मौजूद संसाधनों को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे के भीतर महोत्सव का प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराएं।

बैठक में हुई चर्चा के दौरान कमिश्नर ने बताया कि बड़े स्तर पर कार्यक्रम नहीं होने की वजह से इस बार आयोजक नहीं मिलेंगे। ऐसे में पर्यटन विभाग के पास मौजूद संसाधनों से ही महोत्सव का आयोजन होना है। वहीं महोत्सव की तारीख और समय को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं किया जा सका।
विज्ञापन


समिति के कुछ सदस्यों ने तीन की बजाए इस बार दो ही दिन का महोत्सव करने की राय व्यक्त की तो कुछ ने अपने तय समय 11, 12, 13 की बजाय बसंत पंचमी के मौके पर आयोजन करने पर जोर दिया। इस पर कमिश्नर ने कहा कि पहले पर्यटन विभाग अपने संसाधनों को ध्यान में रखकर कार्यक्रम का मसौदा तैयार कर ले फिर इसपर अंतिम निर्णय किया जाएगा।

 

यूनिवर्सिटी के अलावा दूसरे स्थानों पर भी आयोजन की तैयारी

दरअसल, हाल ही में तीन दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि स्थानीय कलाकारों को ध्यान में रखते हुए छोटे स्तर पर महोत्सव का आयोजन किया जाए ताकि उन्हें अपनी मेधा का प्रदर्शन करने के लिए मंच मिल सके। इससे कई सालों से चली आ रही महोत्सव के आयोजन की परंपरा भी नहीं टूटेगी और भीड़ कम होने से कोविड- 19 के प्रोटोकॉल का भी पूरी तरह पालन हो सकेगा। बैठक में डीएम के. विजयेंद्र पांडियन समेत पर्यटन विभाग, जीडीए, नगर निगम समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

महोत्सव के दौरान एक ही जगह पर भीड़ न लगे इसलिए गोरखपुर यूनिवर्सिटी के दीक्षा भवन व संवाद भवन के अलावा रामगढ़ताल परियोजना क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और मुक्ताकाशी मंच में भी कुछ कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारी है। इसी के मद्देनजर बैठक के बाद कमिश्नर और डीएम ने विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ पहले ऑडिटोरियम और फिर मुक्ताकाशी मंच का निरीक्षण किया।

डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि ऑडिटोरियम का काम तकरीबन पूरा हो चुका है। जो छोटे-छोटे कुछ काम बाकी है, उन्हें 10 जनवरी तक पूरा करने की हिदायत दी गई है ताकि जरूरत पड़ने पर महोत्सव के कुछ कार्यक्रम वहां भी आयोजित किए जा सके। इसी तरह जीडीए को निर्देश दिए गए हैं कि वे मुक्ताकाशी मंच के संचालन के लिए प्राइवेट पार्टी को इसे हैंडओवर करने की प्रक्रिया जल्द पूरा कर ले।

 
विज्ञापन

बॉलीवुड नाइट नहीं होगी पर सोनू को बुलाने पर मंथन

कोरोना संक्रमण की वजह से भीड़ न जुटे इसलिए बॉलीवुड नाइट नहीं कराने पर सहमति बनी है। मगर साथ ही समिति के कुछ सदस्यों ने बॉलीवुड के ही प्रसिद्ध गायक सोनू निगम को बुलाने का सुझाव दिया। दरअसल पिछले गोरखपुर महोत्सव में 40 लाख रुपये एडवांस लेने के बाद भी एक दिन महोत्सव का कार्यक्रम टलने की वजह से सोनू निगम आए नहीं।

पर्यटन विभाग ने उनसे रुपये की मांग की मगर उन्होंने वह भी नहीं लौटाया। कई बार नोटिस के बाद भी सोनू रकम लौटाने को तैयार नहीं। इसपर बैठक के दौरान चर्चा हुई कि उसी रुपये में उन्हें फिर से कार्यक्रम के लिए बुलाया जा सकता है। हालांकि अभी इसपर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका है। समिति के ही कुछ सदस्यों ने आशंका व्यक्त की सोनू निगम के आने पर भीड़ बहुत एकत्रित हो जाएगी जिससे कोरोना संक्रमण का खतरा रहेगा।

डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्थानीय कलाकारों को मौका मिल सके इसलिए इस बार छोटे स्तर पर गोरखपुर महोत्सव आयोजित करने की कोशिश की जा रही है। कोरोना संक्रमण की वजह से हर साल की तरह इस बार यह आयोजन बहुत भव्य नहीं होगा। बाहर के कलाकार या डांस ट्रुप नहीं बुलाए जाएंगे। सिर्फ स्थानीय कलाकारों को ही मंच साझा करने का मौका मिलेगा। आयोजन दो दिन करने पर भी विचार चल रहा है। तारीख को लेकर भी अभी अंतिम निर्णय नहीं हो सका है। प्रयास रहेगा कि मकरसंक्रांति के पहले ही इसका आयोजन हो।


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें