गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना गुरुवार की सुबह आठ बजे से जारी है। प्रथम वरीयता के मतों की गणना में जीत-हार का फैसला हुआ तो नतीजा जल्दी आएगा। दूसरी वरीयता के मतों की गणना की नौबत आई तो शिक्षक एमएलसी चुनाव का नतीजा देररात तक आ सकेगा। प्रथम वरीयता में जीत-हार का फैसला तभी होता है जब किसी एक प्रत्याशी को ही 51 फीसदी मत मिल जाएं।
विज्ञापन
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव पांच मंडलों के 17 जिलों में मंगलवार को कराया गया था। इसमें 73.94 फीसदी वोटिंग हुई थी। मतदाताओं ने इस क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले 16 प्रत्याशियों के भाग्य बैलेट बॉक्स में बंद कर दिए हैं। आज बैलेट बॉक्स खुले अब मतगणना पूरी करके विजेता के नाम का ऐलान किया जाएगा। गौरतलब है कि बुधवार को रिटर्निंग आफिसर व कमिश्नर जयंत नार्लिकर, जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया था।
मतगणना दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय भवन में कराई जा रही है। इसके लिए 14 टेबल बनाए गए हैं। एक रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) का टेबल अलग से लगाया गया है। मतगणना दो चक्रों में कराई जानी है। प्रत्याशियों के प्रतिनिधि या फिर मतगणना में लगे कर्मियों को अपने साथ मोबाइल या अन्य कोई इलेक्ट्रानिक डिवाइस लाने पर प्रतिबंध है।
विज्ञापन
56 कर्मचारी पूरी करेंगे मतगणना
मतगणना में 56 कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। हर टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर व तीन गणना सहायक मतगणना कर रहे हैं। आरओ टेबल पर करीब आठ कर्मियों की तैनाती अलग से है। मतगणना का प्रशिक्षण पहले ही दिया गया था।
जिलाधिकारियों की टीम करा रही दूसरे वरीयता के मतों की गणना
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव का नतीजा प्रथम वरीयता के मतों से नहीं हुआ तो आला अफसरों की देखरेख में दूसरी वरीयता के मतों की गणना कराई जाएगी। इसके लिए रिटर्निंग ऑफिसर ने एक टीम गठित की है। रिटर्निंग ऑफिसर के मुताबिक टीम में गोरखपुर के जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन, देवरिया के जिलाधिकारी अमित किशोर, गोरखपुर के अपर आयुक्त प्रशासन अजयकांत सैनी, एडीएम सिटी आरके श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार सिंह, डिप्टी डायरेक्टर बचत विजयनाथ मिश्रा और जेएन मौर्य शामिल हैं।
हर टेबल पर भेजी जा रही बैलेट पेपर की 20-20 गड्डियां
आज सुबह सबसे पहले 14 टेबलों पर बैलेट बॉक्स रखे गए, फिर बैलेट निकालकर छांटे जा रहे हैं। वैध व अवैध मतों को अलग-अलग किया जा रहा है। मतपत्रों को अलग करने का काम 15 राउंड तक चलेगा, फिर वैध मतों की गड्डी बनाई जाएगी। एक गड्डी में 50 वैध बैलेट पेपर रहेंगे। इसके बाद वैध मतों को सूचीबद्ध करके आरओ टेबल पर लाया जाएगा। आरओ टेबल पर स्क्रीनिंग होगी, फिर सभी बैलेट पेपर एक बड़े बॉक्स डाले जाएंगे। आरओ टेबल पर तैनान कर्मी बैलेट पेपर की 20-20 गड्डियां एक-एक टेबल पर भेजेंगे। मतगणना दो राउंड तक चलेगी। किसी एक टेबल पर तीन राउंड की मतगणना कराई जाएगी।
शिक्षक एमएलसी के चुनाव के बाद बैलेट बॉक्स गोरखपुर लाए गए। मंगलवार की देररात तक बैलेट बॉक्स लाने और स्ट्रांग रूम में जमा कराने का सिलसिला चलता रहा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही। बुधवार को तड़के करीब चार बजे रिटर्निंग ऑफिसर जयंत नार्लिकर व गोरखपुर के जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम सील किया गया। इस दौरान सपा प्रत्याशी अवधेश यादव, शर्मा गुट के प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी सहित अन्य प्रत्याशियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं
कोरोना संकट और सुरक्षा के लिहाज से विजयी प्रत्याशी को जश्न मनाने की छूट नहीं दी जाएगी। विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी रहेगी। जो प्रत्याशी जीत दर्ज करेगा, उसे रिटर्निंग ऑफिसर प्रमाण पत्र देंगे। इसके बाद कड़ी सुरक्षा घेरे में विजेता को घर तक पहुंचाया जाएगा। इसकी व्यवस्था कर ली गई है।
हर मतदान केंद्र का बैलेट बॉक्स अलग-अलग खोलने का विरोध
मतगणना से पहले रिटर्निंग ऑफिसर व कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने 16 प्रत्याशी या फिर उनके प्रतिनिधियों के साथ बुधवार को बैठक की। कमिश्नर सभागार में हुई बैठक के दौरान वित्त विहीन शिक्षक महासंघ के प्रत्याशी अजय सिंह ने एक-एक मतदान केंद्र का बैलेट बॉक्स खोलने, फिर गड्डी बनाकर रखने का विरोध किया।
प्रत्याशी ने कहा कि गड्डी बनेगी तो मोटी या फिर पतली दिखेगी। इससे पता चल जाएगा कि किसी केंद्र पर किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले हैं। इससे मतदाता या मतदान की गोपनीयता भंग होगी। सारे बैलेट बॉक्स एक साथ खोले जाने चाहिए, फिर बैलेट पेपर को मिलाकर गड्डी बनाई जानी चाहिए।
इससे मतदान की गोपनीयता बनी रहेगी। इस आपत्ति की जानकारी ई-मेल के माध्यम से केंद्रीय व राज्य निर्वाचन आयोग को दी गई है। मतगणना एजेंट की संख्या दो किए जाने की मांग भी रखी गई। इस पर रिटर्निंग ऑफिसर ने उचित फैसला लेने का भरोसा दिलाया है।
कमिश्नर/रिटर्निंग आफिसर जयंत नार्लिकर ने कहा कि मतगणना की सभी तैयारियां पूरी हैं। परिणाम आने तक गिनती जारी रहेगी। कड़ी सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू कराई जाएगी। मतगणना केंद्र के आसपास मोबाइल या फिर इलेक्ट्रानिक डिवाइस को प्रतिबंधित किया गया है।