गोरखपुर शहरी क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता अब घर बैठे खुद अपने घरेलू कनेक्शन का लोड बढ़ा सकेंगे। पावर कॉरपोरेशन की वेबसाइट के अलावा मोबाइल में सुविधा एप के माध्यम से यह संभव होगा। इसके साथ ही वेबसाइट के माध्यम से कनेक्शन धारकों को नाम व पता आदि संशोधित करने की भी सुविधा मिलेगी।
कोरोना संकट के बीच उपभोक्ताओं को घरों से बाहर निकल बिजली दफ्तर आने की जरूरत न पड़े, इसके लिए निगम ने एक बार फिर से इस सेवा को प्रभावी किया है। अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि उपभोक्ता पावर कॉरपोरेशन की वेबसाइट
www.uppcl.online.com पर पंजीकरण कराकर इस सेवा का लाभ ले सकते हैं।
उन्हें वेबसाइट पर ही एकाउंट आईडी और मोबाइल नंबर के साथ अपनी आधिकारिक ईमेल आईडी देनी पड़ेगी। इन सूचनाओं को भरने के बाद उपभोक्ताओं को अपना एक पासवर्ड बनाना होगा। पासवर्ड और एकाउंट आईडी के जरिए उपभोक्ता सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
पंजीकरण के बाद उपभोक्ता को लोड बढ़ाने के लिए कनेक्शन लोड वाले आप्शन में जाकर एकाउंट आईडी, बिल नंबर और पासवर्ड दर्ज करना होगा। इतनी सूचनाएं दर्ज होते ही कनेक्शन का ब्यौरा सामने होगा। उपभोक्ता का वर्तमान लोड भी स्क्रीन पर दिखेगा।
इसके बाद चेंज वाले विकल्प में जाकर उपभोक्ताओं को विवरण दर्ज कर उसे सब्मिट करना पड़ेगा। लोड बढ़ाने का चार्ज भी उपभोक्ता क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड से पेमेंट कर सकते हैं। अन्यथा की स्थिति में अगले बिजली बिल में लोड का चार्ज जुड़कर आएगा।