गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस लाइंस में नौ माह का प्रशिक्षण पूरा कर चुकी महिला प्रशिक्षु आरक्षी अब फील्ड ड्यूटी के लिए तैयार हैं। 26 अप्रैल की सुबह पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले दीक्षांत परेड के साथ जिले की पुलिस व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। 21 जुलाई 2025 से शुरू हुए प्रशिक्षण के तहत गोरखपुर पुलिस लाइंस में कुल 493 महिला प्रशिक्षुओं को आधुनिक पुलिसिंग का प्रशिक्षण दिया गया। इनमें से 256 महिला आरक्षियों को गोरखपुर जनपद में तैनाती दी जाएगी, जबकि 237 महिला आरक्षी कुशीनगर जिले में भेजी जाएंगी।
अधिकारियों के अनुसार, महिला आरक्षियों के शामिल होने से थानों की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और महिला संबंधित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी। साथ ही पुलिस बल की जमीनी क्षमता भी मजबूत होगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की बढ़ती संख्या से महिला अपराधों की जांच और संवेदनशील मामलों में प्रभावी कार्रवाई संभव होगी। दीक्षांत परेड के मुख्य अतिथि डीआईजी रेंज डॉ. एस. चनप्पा होंगे। परेड में प्रशिक्षुओं को औपचारिक रूप से सेवा में शामिल किया जाएगा और उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
पीएसी व पीटीसी में भी होगा पासिंग आउट परेड
पुलिस लाइंस के अलावा अन्य प्रशिक्षण केंद्रों में भी बड़ी संख्या में महिला रिक्रूट आरक्षियों ने प्रशिक्षण पूरा किया है। पीएसी स्थित रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र से करीब 600 महिला आरक्षी और पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) से लगभग 500 महिला रिक्रूट ने प्रशिक्षण समाप्त किया है। इन सभी केंद्रों पर भी रविवार सुबह आठ बजे दीक्षांत परेड का आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि कुल मिलाकर हजार से अधिक महिला आरक्षी अब पुलिस बल का हिस्सा बनकर राज्य की कानून-व्यवस्था को मजबूत करेंगी।