करीगंज थाना क्षेत्र के ददौरा गांव निवासी सीआरपीएफ जवान प्रभुनाथ यादव की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ददौरा गांव निवासी सीआरपीएफ जवान प्रभुनाथ यादव (26) की जम्मू-कश्मीर के कठुआ में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इसकी सूचना मंगलवार को उनके परिजनों को मिली। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, प्रभुनाथ यादव वर्ष 2024 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में भर्ती हुए थे। कम समय में ही देश सेवा का जज्बा लेकर उन्होंने अपनी ड्यूटी को गंभीरता से निभाना शुरू कर दिया था। वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के हीनानगर में थी।
मंगलवार को वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। सीआरपीएफ के अधिकारियों ने उन्हेंं पहले घगवाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से जीएमसी कठुआ ले जाया गया। वहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोपहर बाद अधिकारियों ने उनकी मौत की सूचना परिजनों को दी।
परिजनों का कहना है कि उन्हें फोन पर बताया गया कि प्रभुनाथ अब नहीं रहे। प्रभुनाथ तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता रामजी यादव किसान हैं, जबकि माता मैना देवी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां की हालत और बिगड़ गई। बड़े भाई राधेश्याम यादव और घनश्याम यादव प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। छोटे भाई के निधन से दोनों गहरे सदमे में हैं।
जवान की शादी की चल रही थी तैयारी
परिवार के अनुसार, प्रभुनाथ की शादी आगामी 6 मई को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, रिश्तेदारों को निमंत्रण दिया जा चुका था लेकिन इस दुखद घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गांव में हर आंख नम है और लोग जवान के परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। सूचना मिलते ही बड़े भाई राधेश्याम यादव मंगलवार को कठुआ के लिए रवाना हो गए, ताकि वहां से पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की जा सके।