बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित जिले के परिषदीय विद्यालयों को 635 नए शिक्षक मिलेंगे। वहीं 270 शिक्षक दूसरे जिलों में स्थानांतरित होंगे।
परिषद की ओर से अंतर जनपदीय स्थानांतरण के लाभार्थियों की सूची और काउंसिलिंग का कार्यक्रम रविवार को जारी कर दिया गया। सूची के मुताबिक, जिले को 365 और शिक्षक मिलेंगे। जिले के 2500 परिषदीय विद्यालयों में फिलहाल नौ हजार शिक्षक तैनात हैं।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 1-2 फरवरी को दूसरे जनपदों के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों को काउंसिलिंग के माध्यम से कार्यमुक्ति प्रदान की जाएगी। वहीं 4-5 फरवरी को दूसरे जिलों से आने वाले शिक्षकों की ज्वाइनिंग के साथ विद्यालय का आवंटन किया जाएगा। भारांक के मुताबिक मेरिट तैयार होगी। वरिष्ठता के मुताबिक विद्यालय का आवंटन होगा।
अंतर जनपदीय स्थानांतरण को लेकर पिछले वर्ष बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कवायद शुरू की गई थी। 350 शिक्षकों ने इसके लिए आवेदन किया। मगर किसी कारणवश प्रक्रिया को पूरा नहीं किया जा सका।
कोर्ट के निर्देश पर वर्ष 2020 में एक बार फिर स्थानांतरण की प्रक्रिया को शुरू किया गया। काउंसिलिंग के माध्यम से आवेदन करने वाले शिक्षकों के दस्तावेजों का सत्यापन कर शासन को रिपोर्ट भेजी गई। जिसके बाद सूची जारी हुई है।
बीएसए बीएन सिंह ने कहा कि अंतर जनपदीय स्थानांतरण के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों की सूची शासन की ओर से जारी कर दी गई है। 270 शिक्षक स्थानांतरित होकर दूसरे जिलों में जाएंगे। वहीं 635 शिक्षक जिले में आएंगे।