काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने फरवरी और मार्च में बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन और नए सत्र में देरी को लेकर उड़ रही अफवाहों पर विराम लगा दिया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कोविड महामारी और पांच राज्यों में प्रस्तावित चुनाव को लेकर इस बार फरवरी-मार्च में परीक्षाएं नहीं हो सकेंगी। परीक्षा की तिथियां सही समय पर जारी कर दी जाएंगी। इसे लेकर बोर्ड का आदेश जिले के 17 स्कूलों में पहुंच गया है।
आदेश के मुताबिक बोर्ड ने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2021-2022 में कोई बदलाव नहीं किया गया है। काउंसिल से संबंद्ध स्कूलों में शैक्षणिक सत्र मार्च मध्य और जून के पहले सप्ताह तक चलाने का नियम पूर्व से मौजूद है। इस नियम का अक्षरश: पालन होगा।
पिछले वर्ष की तरह अप्रैल से ही कक्षाओं का संचालन होगा। परीक्षा कार्यक्रम जारी न होने की वजह से सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर तरह तरह की अफवाहें उड़ रही है। विद्यार्थी और अभिभावक परीक्षा कार्यक्रम और नए सत्र की कक्षाओं के संचालन के लिए स्कूल प्रबंधन के संपर्क में बने रहने के साथ काउंसिल की वेबसाइट का लगातार भ्रमण करते रहें।
आरपीएम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के ग्रुप डायरेक्टर अजय शाही ने कहा कि अप्रैल से ही नए सत्र की कक्षाओं का संचालन होगा। सत्र में किसी प्रकार की कोई देरी नहीं होगी। बोर्ड ने सकुर्लर जारी कर सभी स्कूल संचालकों को तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है।