गोरखपुर नगर निगम में 10 नए वार्ड बढ़ने और आरक्षण बदलने से चुनावी समीकरण काफी बदल गया है। कई दिग्गज पार्षद मैदान से बाहर हो गए हैं, तो कुछ पर किस्मत मेहरबान दिख रही है। आरक्षण में उनके वार्ड की सीट महिला घोषित हो जाने से वे अपनी पत्नी या बहू को चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे हैं।
शाहपुर वार्ड से पार्षद चंद्रशेखर सिंह और शक्तिनगर से आलोक सिंह विशेन महिला सीट होने के कारण चुनाव की दौड़ से बाहर हो गए। संत झूलेलाल नगर से मौजूदा पार्षद एहतराम हुसैन ओबीसी के लिए आरक्षित होने से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। सपा नेता एवं इलाबाहीबाग वार्ड से मौजूदा पार्षद असमत खातून की सीट इस बार पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हो गई।
चरगावां सीट अनुसूचित महिला के लिए आरक्षित होने से मौजूदा पार्षद संतराज शर्मा चुनावी मैदान से बाहर हो गए हैं। नकहा से राजेश यादव अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने से बाहर हो गए तो वहीं माधवनगर से वर्तमान पार्षद महेश पासवान एवं डॉ राजेंद्र प्रसाद नगर से पार्षद रिंकी देवी भी पिछड़ा वर्ग के लिए सीट आरक्षित होने से चुनाव से बाहर हो गई हैं।