गोरखपुर बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट की नई कार्यकारिणी का चुनाव आज होगा। इसके लिए सुबह 10 बजे से मतदान शुरू होगा। शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने के बादअध्यक्ष व मंत्री पद की गणना होगी। शेष पदों की गणना बुधवार व बृहस्पतिवार को होगी। अध्यक्ष समेत 23 पदों के लिए कुल 94 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस चुनाव के लिए कुल 2548 मतदाता हैं, जिनके लिए परिसर में छह मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के वकीलों के संगठन बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट की कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। इस चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में काफी चर्चा रहती है। यही वजह है कि सभी 23 पदों पर दो से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जीत के लिए उम्मीदवार परिसर में प्रचार के साथ-साथ अधिवक्ताओं के घर भी पहुंच रहे हैं। सोमवार को सभी उम्मीदवारों ने अपने-अपने समर्थकों के समूह के साथ कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं से मुलाकात कर वोट मांगा।
चुनाव एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय की निगरानी में हो रहा है। मतदान के लिए परिसर व बार एसोसिएशन की बिल्डिंग में मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
सीओपी धारक ही कर सकेंगे मतदान
बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के इस चुनाव में सीओपी (सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस) धारक ही मतदान करेंगे। मतदाता अधिवक्ताओं को अपना सीओपी कार्ड लेकर आना होगा। जिन मतदाताओंका सीओपी कार्ड जारी नहीं हुआ है, वे बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश से जारी परिचय पत्र के साथ सीओपी की ऑनलाइन कॉपी लेकर आएंगे। बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट से जारी परिचय पत्र मतदान के लिए मान्य नहीं होगा। यह जानकारी एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राधेश्याम पांडेय ने दी।
एसपी सिटी ने किया निरीक्षण
मतदान व मतगणना के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। सोमवार को एसपी सिटी सोनम कुमार ने पुलिस कर्मियों व डॉग स्क्वाड के साथ परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य गेट से लेकर मतदान केंद्र तक की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद एल्डर्स कमेटी के पदाधिकारियों से भी मतदान व मतगणना संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। एसपी सिटी ने बताया कि परिसर व बाहर सुरक्षा के लिए कई थानों की फोर्स लगाई गई है। महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।