गोरखनाथ मंदिर में की जा रही जांच।
गोरखपुर। दिल्ली में सोमवार की शाम हुए ब्लास्ट के बाद गोरखपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। एयरपोर्ट परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रत्येक आगंतुक की गहन जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। वर्तमान में केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही वाहनों को परिसर में प्रवेश की अनुमति है, जबकि सामान्य स्थिति में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों और आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। सुरक्षा को लेकर एयरपोर्ट परिसर, पार्किंग स्थल, प्रतीक्षालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त बढ़ा दी गई है। डॉग स्क्वाड, बम डिस्पोजल यूनिट और इंटेलिजेंस एजेंसियां भी सक्रिय रूप से जांच अभियान चला रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत सुरक्षा कर्मियों या प्रशासन को दें।