अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में बृहस्पतिवार को अल्ट्रासाउंड के लिए आए करीब 45 मरीज बिना जांच ही लौट गए। बताया जा रहा है कि रेडियोलॉजिस्ट की अचानक तबीयत खराब होने की वजह से जांच ठप रहा।
जानकारी के मुताबिक, एम्स में अल्ट्रासाउंड की जांच पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप(पीपीपी) के जरिए हिंद लैब करता है। बताया जाता है कि हिंद लैब के रेडियोलॉजिस्ट बृहस्पतिवार को बीमार होने की वजह से आए ही नहीं। अल्ट्रासाउंड जांच कराने पहुंचे करीब 45 मरीजों को चार घंटे इंतजार के बाद बैरंग लौटना पड़ा। मरीजों के साथ तीमारदार भी मौजूद रहे।
हिंद लैब द्वारा मरीजों को सुबह 8 बजे बुला लिया गया था। ज्यादातर मरीज खाली पेट रहे। दोपहर करीब 12 बजे मरीजों को डॉक्टर के नहीं उपलब्ध होने की सूचना दी गई। हिंद लैब के प्रभारी अखिलेश उपाध्याय ने बताया कि जांच करने वाले रेडियोलॉजिस्ट बीमार हैं। इस वजह से जांच नहीं हो सकी।
अल्ट्रासाउंड जांच के लिए करीब 15 दिन की वेटिंग चल रही है। रेडियोलॉजिस्ट के स्वस्थ होने के बाद अतिरिक्त कार्य किया जाएगा। सामान्य वेटिंग लिस्ट के साथ ही छूटे हुए मरीजों को भी जांच के लिए बुलाया जाएगा।