गोरखपुर जिले के चौरीचौरा इलाके के तरकुलहा देवी मंदिर में भीड़ को देखते हुए स्थायी चौकी बनाए जाने का फैसला लिया गया है। एडीजी अखिल कुमार ने मंदिर के पास चौकी बनाए जाने के लिए एसएसपी को निर्देशित किया है। प्रशासन की मदद से एसएसपी जमीन खोजकर शासन में प्रस्ताव भेजेंगे ताकि जल्द से जल्द इसकी शुरुआत की जा सके।
तरकुलहा मंदिर में रोजाना ही भक्तों की भीड़ होती है। जिले ही नहीं काफी दूर दराज से लोग दर्शन के लिए आते हैं। प्रसिद्ध मंदिर होने से सुरक्षा के लिहाज से यहां पर अभी अस्थायी चौकी संचालित की जाती है। मगर अक्सर वहां पर पुलिस नहीं होती है जिससे चेन स्नेचिंग, मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
थाने से नौ किलोमीटर की दूरी पर होने की वजह से पुलिस को भी आने में समय लग जाता है। ऐसे में एडीजी अखिल कुमार ने नई चौकी स्थापित करने की पहल की है।
एडीजी अखिल कुमार ने बताया कि नई चौकी के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश एसएसपी को दिया गया है। वह प्रशासन के सहयोग से मंदिर के आसपास जमीन की तलाश करेंगे और फिर प्रस्ताव भेजकर वहां पर चौकी की शुरुआत करा दी जाएगी।