- कुशीनगर एक्सप्रेस 5:17 घंटे, अंबाला स्पेशल 5:15 और गरीब रथ 5:57 घंटे रही लेट
गोरखपुर। छठ पर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें ट्रेनों की लेटलतीफी ने बढ़ा दी हैं। बुधवार को गोरखपुर जंक्शन पहुंचने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंचीं। कुछ ट्रेनों की देरी पांच से छह घंटे तक रही। इससे यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा। ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों की आगे की यात्रा भी प्रभावित हुई।
उपलब्ध ऑनलाइन लाइव रनिंग स्टेटस के अनुसार, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर गरीब रथ 5 घंटे 57 मिनट, कुशीनगर एक्सप्रेस 5 घंटे 17 मिनट और अंबाला कैंट फेस्टिवल स्पेशल 5 घंटे 15 मिनट की देरी से गोरखपुर पहुंचीं। गोरखपुर फेयर स्पेशल 4 घंटे 4 मिनट और झंझारपुर जनसाधारण फेस्टिवल स्पेशल 3 घंटे 11 मिनट विलंब रहीं। मौर्य एक्सप्रेस भी करीब तीन घंटे की देरी से पहुंची।
नियमित ट्रेनों में गोरखधाम एक्सप्रेस एक घंटा 43 मिनट और वैशाली एक्सप्रेस 1 घंटा 20 मिनट लेट पहुंची। इसके अलावा अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस 2 घंटे 30 मिनट, अमृतसर स्पेशल 2 घंटे 10 मिनट, अवध एक्सप्रेस 1 घंटा 38 मिनट और सत्याग्रह एक्सप्रेस 1 घंटा 35 मिनट की देरी से आईं। गोरखपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस भी 1 घंटा 33 मिनट विलंब रही।
वहीं, सप्तक्रांति एक्सप्रेस निर्धारित समय पर गोरखपुर पहुंची। ट्रेन का आगमन सुबह 3:37 बजे निर्धारित था। त्योहार के दौरान ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी हुई। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर आने वाली गाड़ियां कुछ समय के लिए लेट हुई हैं। गोरखपुर से जाने वाली गाड़ी समय से रवाना हुई है।