गोरखपुर-लखनऊ रेलखंड पर बुढ़वल में ट्रैक पर डंपर गिरने से संचलन प्रभावित
वाराणसी से साढ़े चार घंटे की देरी से चली कृषक एक्सप्रेस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखपुर-लखनऊ रेलखंड पर बुढ़वल में ट्रैक पर डंपर गिरने के दूसरे दिन भी ट्रेनों का संचलन प्रभावित रहा। 20 से ज्यादा ट्रेनों को रूट डायवर्ट करके अयोध्या के रास्ते चलाया गया। बृहस्पतिवार की सुबह तक यातायात संचलन पूरी तरह से बहाल कर दिया गया। दिल्ली की ओर से आने वाली वैशाली और गोरखधाम एक्सप्रेस सुबह की जगह शाम को पहुंचीं।
इसी तरह विलंब से चलने के कारण कृषक एक्सप्रेस वाराणसी से करीब साढ़े चार घंटे की देरी से चली। ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर यात्री परेशान हो गए।
बठिंडा से गोरखपुर आने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस 10 घंटे की देरी से गोरखपुर रात करीब आठ बजे पहुंची। इसी तरह नई दिल्ली से गोरखपुर होते हुए ललितग्राम तक जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस भी आठ घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची।
सुबह 9:50 बजे गोरखपुर पहुंचने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस 10 घंटे की देरी से रात 8 बजे पहुंची। जबकि 9:30 बजे पहुंचने वाली वैशाली शाम छह बजे। दिल्ली के साथ ही मुंबई और काठगोदाम से आने बाघ एक्सप्रेस भी छह से आठ घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। मुंबई से आने वाली एलटीटी सुपरफास्ट सात घंटे और कुशीनगर एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची।
ट्रेनों की इस कदर लेट-लतीफी से यात्रियों की खूब सांसत हुई। पूछताछ केंद्र पूरे दिन यात्रियों की भीड़ जुटी रही। गोरखधाम एक्सप्रेस से आने वाले यात्रियों को रिसीव करने पहुंचे लोग भी परेशान रहे।
एनईआर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह यातायात संचलन पूरी तरह से बहाल हो गया। देर रात कुछ ट्रेनाें को डायवर्ट करके चलाया गया।
-
गोरखपुर में बदला गया गरीब रथ का डैमेज कोच
अमर उजाला ब्यूराे
गोरखपुर। गोरखपुर आ रही गरीब रथ एक्सप्रेस के ऊपर डंपर का मलबा गिरने से एक कोच डैमेज हो गया। इसकी वजह से गोरखपुर जंक्शन पर कोच काटकर दूसरी बोगी लगाई गई। बोगी लगने के बाद ट्रेन आगे की तरफ रवाना हुई। घटना के बाद लखनऊ रेल मंडल प्रशासन ने भी अपने स्तर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार की रात बुढ़वल स्टेशन से आगे अगानपुर गांव के पास रेलवे ओवरब्रिज से गुजर रहा डंपर बेकाबू होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे ट्रैक पर गिर गया था। इसी दौरान डाउन लाइन से गरीब रथ एक्सप्रेस गुजर रही थी, जिसके ऊपर रेलिंग का मलबा ट्रेन के डिब्बों पर गिर पड़ा। हादसे के बाद अप-डाउन दोनों लाइन की करीब 20 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुईं, नौ ट्रेनों को लखनऊ से डायवर्ट करना पड़ा। हादसे के करीब तीन घंटे बाद भी गरीब रथ ट्रेन रवाना नहीं हो सकी थी।