गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों में प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर में कुल अंकों का 40 फीसदी पाने वाले विद्यार्थी तृतीय सेमेस्टर में प्रोन्नत किए जाएंगे। ऐसे विद्यार्थी जिनका प्रतिशत इतना नहीं है उन्हें बैकपेपर देकर कम अंक पाने वाले विषय में 40 फीसदी अंक पाना होगा।
इसके अलावा सैद्धांतिक प्रश्न पत्र एवं प्रायोगिक परीक्षा अलग-अलग में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। कुलपति प्रो. राजेश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को हुई परीक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
प्रोन्नत करने का निर्णय पहले भी लिया गया था, लेकिन अब उसमें संशोधन किया गया है। सेमेस्टर की परीक्षाओं में यह भी तय किया गया कि विद्यार्थी को प्रत्येक सेमेस्टर प्रथम, द्वितीय एवं चतुर्थ को उत्तीर्ण करने के लिए सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रश्न पत्र में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
बैठक में प्रो. विनोद सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. रविशंकर सिंह, अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. नंदिता सिंह, अधिष्ठाता शिक्षा संकाय प्रो. एनपी भोक्ता, अधिष्ठाता वाणिज्य संकाय प्रो. एके तिवारी, प्रो. विनय सिंह, कुलसचिव डॉ. ओम प्रकाश, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र सिंह, मीडिया एवं जनसंपर्क अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।