-बालिकाओं के लिए होगी नई शुरुआत, कक्षा-9 तथा 11 में छात्राओं का होगा प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। पूर्वांचल में शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक भूमिका निभाने वाला महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज अब समाज की आधी आबादी नारी शक्ति को भी समान अवसर देने जा रहा है। सत्र 2026–27 से कॉलेज में बालिकाओं के लिए भी प्रवेश की व्यवस्था शुरू होने जा रही है।
यह जानकारी विद्यालय के प्रबंधक मंकेश्चर पांडेय ने दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1909 में स्थापित यह विद्यालय 115 वर्षों से शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के दायित्व का निर्वहन कर रहा है। इसके छात्र प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च पदों पर कार्यरत हैं।
विद्यालय में हिंदी व अंग्रेजी माध्यम, विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, समृद्ध पुस्तकालय, छात्रावास, कैंटीन और सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सत्र 2026–27 से कक्षा-9 (विज्ञान) तथा कक्षा-11 (गणित, बायोलॉजी व वाणिज्य) में छात्राओं का प्रवेश होगा। आगे यह सुविधा कक्षा-6 से विस्तारित की जाएगी। फेस आईडी अटेंडेंस और सुरक्षा व्यवस्था के साथ छात्र-छात्राएं पूर्ण अनुशासन में शिक्षा ग्रहण करेंगी।