उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा घोघरा में बुधवार को देर रात ढाई साल की बच्ची का शव पानी से भरी बाल्टी में मिला। अनुमान लगाया जा रहा है कि बाल्टी के पानी में डूबने से बच्ची की मौत हो गई होगी।
घोघरा गांव निवासी यूनुस अली की ढाई वर्षीया पुत्री आइसा खातून घर में ही खेल रही थी। अचानक बच्ची नहीं दिखी तो परिजनों को लगा कि अगल-बगल कहीं खेल रही होगी। काफी देर तक बच्ची नहीं दिखी तो खोजबीन होने लगी।
देर रात तक गांव में खोजकर वापस लौटे परिजन हैंडपंप के पास गए तो वहां एक बाल्टी में बच्ची का शव मिला। बच्ची का सिर बाल्टी के पानी में डूबा हुआ था।
अनुमान लगाया जा रहा है कि खेलते वक्त बच्ची पानी भरी बाल्टी में झुकी होगी और सांस रुकने से मौत हो गई होगी। बच्ची की मौत से घर में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने बच्ची का शव दफन कर दिया। अहिरौली बाजार पुलिस को घटना की सूचना नहीं है।