गोरखपुर जिले के बेलीपार थाना क्षेत्र के महाबीर छपरा में 18 वर्षीय युवती ने साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। वह बुधवार की रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने गई थी। जब घर के लोग पानी रखने गए तो देखा कि वह छत के कुंड से लटक रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, महाबीर छपरा निवासी 18 वर्षीय चंदा पुत्री स्व. राम सुमेर निषाद बुधवार को गणतंत्र दिवस पर घूमने गई थी। वह रात में खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई। करीब आधे घंटे बाद जब मां मुन्नी देवी कमरे में पानी रखने गयी तो देखा कि वह छत के कुंडी से साड़ी का फंदा बनाकर लटकी हुई थी।
आसपास के लोग इकट्ठा हुए और शव को नीचे उतारा तो देखा कि उसकी मौत हो चुकी थी। वह पांचवी क्लास तक पढ़ी हुई थी। उसका एक आठ साल भाई आर्यन है। मां गोरखपुर सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने व बेचने का काम करती है और घर का खर्च चलाती है।
बेलीपार थाने के एसएसआई सत्यपाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए। जांच में यह पता चला कि युवती कुछ दिनों से मानसिक तनाव में रह रही थी। उसका मोबाइल जांच के लिए भेज दिया गया है।