कोका कोला प्लांट के लिए भीटी रावत में जमीन का प्रस्ताव
पाइप लाइन में चल रही परियोजनाओं को लेकर भी गीडा प्रशासन सक्रिय हो गया है। मल्टीनेशनल कंपनी कोका कोला गीडा में बॉटलिंग प्लांट स्थापित कर रही है। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बॉटलिंग प्लांट के लिए गीडा प्रशासन ने भीटी रावत में जमीन देने का प्रस्ताव दिया है। वहीं आदित्य बिड़ला ग्रुप का करीब 700 करोड़ से पेंट की फैक्टरी का प्रस्ताव है। इन्हें भी भीटी रावत में करीब 70 एकड़ जमीन का प्रस्ताव दिया गया है।
चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विष्णु अजीतसरिया ने कहा कि बदलाव साफ दिख रहा है। अब देश-दुनिया के उद्यमी गीडा में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। गीडा में भूमि की समस्या थी। अब वह भी सुलझती दिख रही है। भीटी रावत में गीडा प्रशासन ने तेजी से काम किया है। यहां 200 एकड़ से अधिक भूमि है। सेरेमनी में अच्छा प्रस्ताव जाने की उम्मीद है।
गीडा सीईओ पवन अग्रवाल ने कहा कि सेरेमनी में वे निवेश प्रस्ताव ही जाएंगे जिनका मानचित्र स्वीकृत हो गया है या सिविल वर्क शुरू हो गया है। निवेश प्रस्तावों पर काम हो रहा है। अभी करीब 1500 करोड़ के प्रस्ताव हैं। यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। भीटी रावत में अधिक से अधिक उद्यमियों को जमीन मुहैया कराई जा रही है। निवेश प्रस्तावों से 8000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।