इस बार बरसात का मौसम गीडा के सेक्टर-13 और 15 के उद्यमियों के लिए परेशानी का सबब नहीं बनेगा। गीडा प्रशासन करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से दोनों सेक्टर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नाले और नालियों के अलावा सड़कों का निर्माण करा रहा है। बरसात से पहले इन कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य है।
गीडा सेक्टर-13 के डी-1 से लेकर डी-6 तक में जितनी भी फैक्ट्रियां हैं, उनमें बारिश के दिनों में पानी भर जाता है। वर्तमान समय में बने नालों की बनावट कुछ इस तरह की है कि बारिश का पानी बाहर जाने के बजाय ओवरफ्लो या रिवर्स होकर फैक्ट्रियों के अंदर चला जाता है।
सेक्टर-13 के उद्यमी आरएन सिंह और आकाश जालान आदि का कहना है कि सबसे ज्यादा दिक्कत वेल्ड इंडिया, जेठू जी दाल मिल, विविंग टेक्सटाइल फैक्ट्री, विनायक उद्योग को झेलनी पड़ती है। इन उद्यमियों को काफी नुकसान भी सहना पड़ता है। इस संबंध में उद्यमी कई बार गीडा प्रशासन के सामने अपनी समस्या बता चुके हैं। अब जाकर गीडा प्रशासन ने इन उद्यमियों की समस्याओं को दूर करने की शुरुआत की है।