गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) में अब मोबाइल एप पर ही अपनी समस्याएं साझा करने के साथ ही उसका निराकरण कराया जा सकेगा।
मोबाइल एप के माध्यम से सेवाएं देने वाला प्रदेश में पहला प्राधिकरण बनेगा। प्राधिकरण के अलग-अलग पटल से संबंधित कार्यों को एप की मदद से एक स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए एप व साफ्टवेयर, जीडीए और एचडीएफसी बैंक मिलकर तैयार करेंगे। इसके लिए सोमवार को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर एवं एचडीएफसी के ब्रांच हेड प्रतीक राय के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ।
एमओयू के माध्यम से एचडीएफसी बैंक इस बात पर सहमत हुआ है कि प्राधिकरण के दिन प्रतिदिन के सभी कार्यों से संबंधित सॉफ्टवेयर विकसित करेगा ताकि आम जनमानस को घर बैठे ही अपना प्रत्यावेदन प्राधिकरण को भेज सके। प्रत्यावेदन वेबसाइट पर लोड करते ही संबंधित पटल पर प्रदर्शित होने लगेगा।
इसी प्रकार प्राधिकरण के अधिकारी कार्यों एवं योजनाओं की मॉनिटरिंग भी साफ्टवेयर के माध्यम से कर सकेंगे। आम जनमानस घर बैठे एप के माध्यम से संपत्तियों का नामांतरण, प्राधिकरण से संबंधित सूचनाओं की जानकारी, अवैध निर्माण का फोटो अपलोड कर शिकायत भी कर सकेगा।
बैंक प्राधिकरण को पेमेंट गेटवे भी उपलब्ध कराएगा जिससे सामान्य बैंकिंग सुविधा, प्राधिकरण से संबंधित देयताओं के भुगतान की आनलाइन सुविधा मिलेगी। यदि कोई व्यक्ति किसी शिकायत के समय अपना नाम गोपनीय रखना चाहेगा तो इसकी भी सुविधा प्रहरी एप में उपलब्ध रहेगी।