गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाते हुए सोमवार को दो स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देश पर नथमलपुर और मोहरीपुर क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को सील कर दिया गया।
उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि कार्रवाई के दौरान नथमलपुर, थाना गोरखनाथ निवासी पवन और मोहरीपुर, थाना चिलुआताल निवासी विद्या दीक्षित की ओर से किए गए अवैध निर्माण को चिह्नित किया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की संबंधित धाराओं के तहत दोनों निर्माणों को सील कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर इसी तरह की कार्रवाई लगातार की जाती रहेगी। यह कार्रवाई प्रभारी/विशेष कार्याधिकारी प्रखर उत्तम के नेतृत्व में की गई। अभियान में सहायक अभियंता राजबहादुर सिंह, अवर अभियंता धर्मेंद्र गौड़, प्रवर्तन दल और क्षेत्रीय पुलिस बल भी शामिल रहा।