गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की आवासीय योजना पत्रकारपुरम में हाल ही में आवास आवंटित कराने वाले कई आवंटियों के मंगलवार की दोपहर तब होश उड़ गए जब उनके मोबाइल फोन पर फ्लैट का आवंटन निरस्त होने की सूचना पहुंची।
हैरान-परेशान कई आवंटी जीडीए कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां भी अफसरों को इसकी जानकारी नहीं थी। योजना के तहत फ्लैट आवंटित कराने वाले वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर में जब उनके मोबाइल पर जीडीए की तरफ से आवंटन निरस्त होने की सूचना पहुंची तो उनके होश फाख्ता हो गए। थोड़ी देर तक तो कुछ सूझ ही नहीं रहा था कि एकमुश्त रकम जमा करने के बाद भी कैसे आवंटन निरस्त हो गया।
इस मामले में जीडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि तकनीकी चूक की वजह से ओटीपी जनरेट करते वक्त आवंटन निरस्त होने का मैसेज चला गया था। इसे दुरुस्त किया जा रहा है, किसी का भी आवंटन निरस्त नहीं हुआ है। किसी भी आवंटी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।