रेलवे स्टेशन पर बेहोश मिले व्यक्ति का निशुल्क इलाज कर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने मानवता की मिसाल पेश की है। मरीज का मौजूदा समय में डॉ. अजय कुमार मेडिसिन इलाज कर रहे हैं। वह वार्ड नंबर 14 में भर्ती है। डॉ. अजय के मुताबिक मरीज को ब्रेन हेमरेज है। इसलिए वह कुछ भी बता पाने में असमर्थ है।
जानकारी के मुताबिक 12 दिसंबर को एक व्यक्ति गंभीर हालत में रेलवे स्टेशन पर बेहोश मिला। जीआरपी पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती करा दिया। पाकेट में मिले आधार कार्ड के जरिये उनकी पहचान गुलाब चंद गुप्ता (45) के रूप में हुई। पता महाराष्ट्र का था। काफी कोशिश के बाद भी आधार कार्ड के जरिए गुलाब के घर के किसी सदस्य से संपर्क नहीं हो पाया।
ऐसे में डॉ. अजय कुमार के निर्देशन में मरीज का इलाज शुरू हुआ और उनका सीटी स्कैन कराया गया। रिपोर्ट में ब्रेन हैमरेज निकला। इसके बाद उसे मेडिसिन वार्ड नंबर 14 में भर्ती कर गुलाब का इलाज शुरू किया गया। मौजूदा समय में वह होश में आ चुके हैं लेकिन कुछ बोल नहीं पा रहे हैं।
आधार कार्ड के आधार पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने महाराष्ट्र पुलिस से संपर्क किया। लेकिन परिजनों का पता नहीं चल सका है। इसकी सूचना कॉलेज प्रशासन ने स्थानीय पुलिस को भी दे दी है।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के न्यूरो मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि मरीज का इलाज निशुल्क किया जा रहा है। दवाएं, जांच व सीटी स्कैन निशुल्क कराया गया है। डॉक्टर समय से उन्हें देखने आते हैं। मरीज की पूरी देखभाल की जा रही है। यही वजह है कि धीरे-धीरे उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।