गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के नारायनपुर दोयम गांव में 92 डिस्मिल जमीन का विवाद एक बार फिर थाने पहुंचा। आरोप है कि कूटरचित दस्तावेज के आधार पर जमीन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने एसपी नार्थ के आदेश पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। यह वहीं, जमीन है, जिसके लिए कुछ साल पहले भाजपा नेता बृजेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बृजेश सिंह की मां सावित्री सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि गांव में 92 डिस्मिल उनकी जमीन है, जिस पर मकान बना है और परिवार के लोग काबिज भी हैं। लेकिन, गांव के ही हरिवंश, बिहारी तूफानी, मुनीब, जयराम, अयोध्या प्रसाद ने रामसमुझ को मालिक बनाकर जमीन को बहादुर चौहान निवासी जंगल औराही थाना पिपराइच व जितेंद्र सिंह निवासी जडार थाना पनियरा महराजगंज को पांच लाख रुपये में फर्जी कागज तैयार कर मुआयदावय कर दिया है।
जब जमीन कब्जा करने का प्रयास किए तो विरोध करने पर बेटे की हत्या कर दी गई थी। गुलरिहा पुलिस रविवार शाम एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी के आदेश पर तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।