गोरखपुर पुलिस के हाथ एक बड़ा जालसाज लगा है। वह कभी सीएम का ओएसडी तो कभी खुद मंत्री या फिर पीए बनकर आम लोगों से काम कराने के नाम पर ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी को साथी संग बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काम कराने के लिए अफसरों को फोन कर काम करने का दबाव बनाता था।
वहीं थानेदार को फोन कर खरी-खोटी तक सुना देता था। गोरखपुर एसएसपी के पीए और फिर उनसे दर्जा प्राप्त मंत्री बनकर पिपराइच के एक मामले में दबाव बनाने के साथ ही उसने झंगहा एसओ को फोन पर निलंबित कराने की चेतावनी तक दे डाली थी। झंगहा थानेदार ने इस मामले में केस दर्ज कराया और जांच की गई तो मामला खुलकर सामने आया है।
इसे भी पढ़ें: नोट बनाने वाले वीडियो ने चमकाया और जेल भी पहुंचाया, बैंक की मशीन भी नहीं पकड़ पाती थी असलियत
जांच में सामने आया है कि इसका पैन कार्ड पुणे के पते पर है तो आधार कार्ड बलिया के पते पर है। खुद चार अलग-अलग नाम से पहचान पत्र बनवाने वाला चंदन समय पड़ने पर किन्नर चांदनी बनकर भी ठगी करता था। पकड़ा गया चंदन उर्फ चांदनी, किन्नर पुष्पा मूलरूप से बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र के छितौनी गांव का निवासी है। जबकि, इसका साथी देवरिया के गौरीबाजार के देवतहा गांव का रहने वाला अशोक यादव है।