गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के कौड़ीराम में आर्डिनेंस फैक्ट्री के सेवानिवृत्त कर्मी को झांसा देकर उचक्के सोमवार को तीस हजार रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर निवासी कैलाशनाथ तिवारी (84) आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त हैं। उनकी पेंशन कौड़ीराम स्थित भारतीय स्टेट बैंक के खाते में आती है। सोमवार को वह पेंशन खाते से 32 हजार रुपये निकालने बैंक पहुंचे थे। रुपये निकालकर वह गोला से बांसगांव मार्ग की ओर आ रहे थे। इसी बीच एक युवक ने उनको प्रणाम कर खुद को उनका रिश्तेदार बताया।
युवक ने बताया कि वह बैंक में नौकरी करता है, उसका परिवार भी यहीं रहता है। युवक चाय पिलाने के बहाने से उनको बीआरसी कौड़ीराम के कैंपस की ओर ले गया। इसके बाद युवक ने जरूरी काम का हवाला देकर बुजुर्ग को 50 हजार रुपये का चेक देकर तीस हजार रुपये नकद ले लिए और वहीं इंतजार करने के लिए कहकर कहीं चला गया।
कुछ देर बाद जब वह नहीं लौटा तो बुजुर्ग को ठगे जाने का एहसास हुआ। पीड़ित बुजुर्ग जब कौड़ीराम पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो दो सिपाहियों ने यह कहकर लौटा दिया कि उचक्का रुपये लेकर चला गया, अब कुछ नहीं हो सकता है। बाद में पीड़ित ने चौकी इंचार्ज को तहरीर दी।