नागरिकता संशोधन कानून को लेकर 20 दिसंबर को हुए बवाल के मामले में कोतवाली पुलिस ने रविवार को चौथा केस दर्ज किया। यह मुकदमा चौकी इंचार्ज नखास अवधेश चंद्र मिश्र की तहरीर पर 150 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ दर्ज किया गया। पुलिस इन उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
नखास चौकी प्रभारी ने कोतवाली में दिए तहरीर में आरोप लगाया कि 20 दिसंबर को शहर में धारा 144 लागू होने के बावजूद तकरीबन 150 अज्ञात लोगों ने इकट्ठा होकर मदीना मस्जिद चौराहे के पास उपद्रव किया। उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की। उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने धरना शुरू कर दिया। भीड़ मदीना मस्जिद से आगे बढ़ रही थी तो पुलिस ने उन्हें रोका। भीड़ में शामिल अराजक तत्वों ने पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की भी की।
कोतवाली पुलिस ने उनकी तहरीर पर अज्ञात 150 लोगों के खिलाफ बवाल, मारपीट, सरकारी कर्मचारी को भयभीत करने सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज किया है। इस मामले में अब कुल चार मुकदमे हो गए है। इसमें से तीन कोतवाली और एक राजघाट थाने में दर्ज है।