सहजनवां (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र में मायके आई महिला ऑटो में चेन चोरों का शिकार हो गई। पीड़िता ने चार महिलाओं पर पैर दबाकर ध्यान भटकाने और गले से करीब 10 ग्राम सोने की चेन चोरी करने का आरोप लगाया है। मामले में पिपरौली चौकी पर तहरीर दी गई है।
संतकबीरनगर के बखिरा थाना क्षेत्र के झीलखाल बंजरिया निवासी बिंदु देवी पत्नी स्व. दीनानाथ, अपने बच्चों के साथ दिल्ली में रहती हैं। वह एक जुलाई को होने वाली भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए ट्रेन से खलीलाबाद पहुंचीं। वहां से ऑटो से सहजनवां आईं, जहां थाना चौराहे पर उनके भाई परशुराम पांडेय अपने ऑटो से उन्हें लेने पहुंचे।
पीड़िता के अनुसार, राजकीय महाविद्यालय के पास चार महिलाएं ऑटो में सवार हुईं और बोक्टा के पास उतर गईं। सफर के दौरान महिलाएं कई बार उनका पैर दबाती रहीं लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। मायके पहुंचने पर गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन गायब मिली। इसके बाद बिंदु देवी अपने भाई के साथ पिपरौली पुलिस चौकी पहुंचीं और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।