बैतालपुर डिपो से आपूर्ति करने निकले टैंकर को देवीपुर गांव में रोक कर डीजल चोरी कर रहे चार लोगों को पुलिस ने शनिवार शाम रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी करने वालों के कब्जे से करीब ढाई सौ लीटर डीजल, गैलन, चोरी में इस्तेमाल होने वाली पाइप आदि उपकरण बरामद किए हैं। टैंकर को भी कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया है। डीजल चोरी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस जुटी है।
बैतालपुर डिपो से डीजल-पेट्रोल लेकर पंपों को आपूर्ति करने निकलने वाले टैंकरों से चौरीचौरा थाना क्षेत्र में चोरी किए जाने की खबर अमर उजाला ने नौ सितंबर को प्रमुखता से प्रकाशित की थी। चौरीचौरा सीओ जगत कन्नौजिया के मुताबिक अमर उजाला में हाईवे पर टैंकरों से तेल चोरी किए जाने की जो जगहें बताई गई थीं, उन पर मुखबिर तैनात किए गए थे।
शनिवार शाम हाईवे पर स्थित देवीपुर गांव में एक टैंकर को सड़क किनारे रोका गया। इसके बाद उसे तिरपाल से घेर दिया गया। तेल चोरी करने की आशंका पर मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने तुरंत थाना प्रभारी दिलीप कुमार शुक्ल, एसएसआई मनोज यादव सहित पुलिस टीम के साथ मौके पर छापा डाला। मौके पर चालक हाकिम अली, खलासी धनंजय और देवीपुरा निवासी कारोबारी रितेश व श्रवण टैंकर से तेल चोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए।
मौके से करीब ढाई सौ लीटर डीजल एक ड्रम में पाया गया। पूछताछ में इसे टैंकरों से चोरी कर इकट्ठा किया गया बताया गया। डीजल चोरी के उपकरण भी मौके से मिले हैं। टैंकर और बरामद सामान को कब्जे में लेकर चारों आरोपियों को थाने लाया गया। उनके खिलाफ समुचित धाराओं में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चौरीचौरा सीओ जगत कन्नौजिया ने कहा कि मुखबिर की सूचना पर चार लोगों को टैंकर से तेल चोरी करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।