बीआरडी मेडिकल कॉलेज। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती चार मरीजों की सोमवार को मौत हो गई। इनमें देवरिया के कोरोना पॉजिटिव दो मरीज हैं। देवरिया के ही एक और युवक की मौत हुई है। इस व्यक्ति की कोरोना जांच अभी तक नहीं हुई है।
संतकबीरनगर के पॉजिटिव मरीज की भी मौत हुई है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने चारों शवों को परिजनों को सौंपते हुए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में कोविड-19 के प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार करा दिया है।
जानकारी के मुताबिक देवरिया के गौरी बाजार क्षेत्र के सवना लक्षमण गांव निवासी 22 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसी तरह बैतालपुर निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इन दोनों को मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। तीसरा व्यक्ति संतकबीरनगर के महुली क्षेत्र के निबहोरी गांव का रहने वाला था। 41 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। देवरिया के भाटपार रानी का चौथा मरीज 40 साल का था, जिसे सोमवार को कोरोना लक्षण के कारण वार्ड में भर्ती कराया गया था लेकिन उसकी जांच नहीं हो सकी थी। चारों की मौत सोमवार को हुई है।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ गणेश कुमार ने कहा कि चारों का शव कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत सील पैक कर परिजनों को सौंप दिया गया है। इनका अंतिम संस्कार पुलिस व स्वास्थ्य विभाग अपनी मौजूदगी में कराएगा।