महराजगंज जिले में सोमवार को फिर से चार कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब तक मिले कुल केस की संख्या बढ़कर 104 हो गई है। इसके अलावा अब एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। वहीं संक्रमितो के गांवों को सैनिटाइज करने के साथ ही प्रत्येक लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। सोमवार को 102 कोरोना नमूना जांच के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया। अब तक जिले से कुल 2946 कोरोना नमूने जांच के लिए भेजा जा चुका है।
जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए 11 जून को भेजे गए नमूनों की जांच रिपोर्ट 15 जून मिली है, जिसके अनुसार जांच में 4 लोग पॉजिटिव मिले हैं। एक मरीज कजरी चौराहा क्षेत्र लक्ष्मीपुर, एक रंगोली बाजार क्षेत्र कैंपियरगंज तथा दो पिपराखली क्षेत्र फरेंदा के निवासी हैं। इन सभी को कोविड केयर हॉस्पिटल पुरैना भेजा गया है। अब जिले में कुल कोरोना मामले बढ़कर 104 हो गए हैं।
755 भारतीयों को मिला प्रवेश
विदेश मंत्रालय की पहल पर लॉकडाउन में नेपाल में फंसे लोगों को भारत लाया जा रहा है। सोमवार को नेपाल से 755 भारतीय नागरिक सोनौली पहुंचे। इन सभी की इमीग्रेशन कार्यालय पर जरूरी प्रपत्र जमा कराने के बाद स्क्रीनिंग की गई। सभी लोगों को बस से घर भेजा गया। सीओ नौतनवां राजू कुमार साव ने बताया कि सोमवार को 755 भारतीय नागरिक सोनौली पहुंचे। वहीं भारत से करीब 710 नेपाली नागरिक नेपाल रवाना हुए हैं।