गोरखपुर शहर के कैंट थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर मुख्य हाईवे पर मंगलवार रात करीब 9.30 बजे सीमेंट कारोबारी शिव प्रकाश मिश्रा की कार का शीशा तोड़कर चार लाख रुपये व अन्य सामान से भरा बैग लेकर उच्चके फरार हो गए। शिव प्रकाश रात में रुपये की वसूली कर तारामंडल स्थित अपने घर लौट रहे थे। रुस्तमपुर में वह बीयर खरीदने के लिए उतरे थे, इसी दौरान वारदात हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी की मदद से जांच आगे बढ़ा रही है।
जानकारी के मुताबिक, रतनपुरा निवासी शिव प्रकाश मिश्रा की बेलघाट में जेड इंटर प्राइजेज के नाम से सीमेंट की एजेंसी है। शहर के तारामंडल में भी उनका मकान है। मंगलवार शाम करीब तीन बजे वह बेलघाट से निकले। इस दौरान रास्ते में विभिन्न बाजारों से वसूली करते हुए कार से गोरखपुर आ रहे थे। शिव प्रकाश ने बताया कि वसूली के उनके पास चार लाख रुपये और एक-एक लाख रुपये के दो चेक व लेजर बुक थे, जिसे एक बैग में रखा था।
तारामंडल इलाके में स्थित घर लौटते समय रुस्तमपुर के पास मुख्य हाईवे पर कार खड़ी कर बीयर खरीदने चले गए थे। दुकान से लौटने पर कार का शीशा टूटा मिला और अंदर रखा बैग गायब था। शिव प्रकाश ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद इंस्पेक्टर कैंट सुधीर सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों को बताया, जिसके बाद एसपी सिटी सोनम कुमार पहुंचे। एसपी सिटी ने शिव प्रकाश से घटना की जानकारी ली। यह भी पूछा कि उन्होंने यह रुपये किन दुकानों से वसूले थे। पुलिस ने उन सभी दुकानों के नाम नोट किए और आसपास की दुकानों पर लगे सीसी टीवी कैमरे के जरिये घटना की पड़ताल शुरू कर दी। शिव प्रकाश ने बताया कि बैग में मौजूद लेजर बुक उनके लिए काफी अहम है। उसमें व्यापारियों से जुड़े सभी हिसाब हैं। चेक को वह बैंक में सूचना देकर भुगतान होने से रुकवा लेंगे।