गोरखपुर के पादरी बाजार स्थित पूर्व मंत्री जितेंद्र जायसवाल उर्फ पप्पू जायसवाल के फार्म हाउस में बिदका हाथी रविवार को दूसरे दिन भी उत्पात मचाता रहा। चारों तरफ से ऊंची बाउंड्री होने से हाथी फार्म हाउस के अंदर ही दौड़ लगाता रहा। उसे देखने के लिए पूरे दिन भीड़ जुटी रही।
हाथी को काबू में लाने के लिए रविवार सुबह बिहार से सात महावत बुलाए गए। वे देर शाम तक प्रयास करते रहे। पूर्व मंत्री जितेंद्र जायसवाल भी हाथी को उसके नाम ‘गणेश’ से पुकार कर काबू में लाने का प्रयास करते रहे। फरवरी 2019 में इसी हाथी ने अपने महावत रफीक को पटक-पटक कर मार डाला था।