अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जिले में अब तक का सबसे बड़ा कोरोना टीकाकरण दिवस का आयोजन सोमवार को किया गया। पहली बार जिले में 100 बूथों पर 10000 लोगों को एक दिन में टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इतना ही नहीं जिला महिला अस्पताल, शाही ग्लोबल हॉस्पिटल, खजनी और बसंतपुर स्वास्थ्य केंद्र पर केवल महिलाओं को टीका लगाया गया।
इसके इसके अलावा बीआरडी मेडिकल कॉलेज समस्त सीएससी पीएचसी 12 निजी अस्पतालों को बूथ बनाए गए। इन केंद्रों पर टीकाकरण सुबह 10 बजे से शुरू हो गया है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों व 45 से 59 वर्ष के बीच के बीमार लोगों को टीका लगाया जा रहा है। बूथ पर वैक्सीन व इमरजेंसी दवाओं की किट पर्याप्त मात्रा में थी। टीकाकरण कराने के बाद लोगों को 30 मिनट आब्जर्वेशन कक्ष में बैठाया जा रहा है। आब्जर्वेशन कक्ष में भी खुशनुमा माहौल है।
सीएमओ ने किया खजनी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय ने खजनी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीनेटर को निर्देश दिया कि टीकाकरण मानक के अनुसार होना चाहिए। 45 से 59 वर्ष के बीच के लोगों से डाक्टर का पर्चा भी मांगा जाए, तभी टीका लगाया जाए। 60 वर्ष से ऊपर के लोगों का केवल आधार कार्ड देखकर टीकाकरण कर दिया जाए।