गोरखपुर। बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक की व्यवस्थाओं में बदलाव करते हुए न्यूरो सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिंद्य गुप्ता को नया नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी बाल रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. भूपेंद्र शर्मा संभाल रहे थे, जिन्हें अब उनके मूल विभाग में भेज दिया गया है।
डॉ. अनिंद्य गुप्ता की नियुक्ति को सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब तक इस पद की जिम्मेदारी एमडी या एमएस डिग्रीधारी चिकित्सकों को दी जाती रही है लेकिन पहली बार किसी सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने की जिम्मेदारी अब डॉ. गुप्ता संभालेंगे। नवनियुक्त नोडल अधिकारी डॉ. अनिंद्य गुप्ता ने कहा कि वह पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।