गोरखपुर। महात्मा गांधी पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों को बैंकिंग और बीमा क्षेत्र में रोजगार के अवसरों और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वाणिज्य विभाग की ओर से आयोजित एक दिवसीय कॅरिअर काउंसलिंग कार्यक्रम में एनआईआईटी अकादमिक के विषय विशेषज्ञ अविनाश श्रीवास्तव ने निजी बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी पाने की तैयारी के विभिन्न चरणों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। रोजगार के लिए कौशल विकास और व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी है।
उन्होंने निजी बैंकों में नौकरी के लिए योग्यता, ऑनलाइन आवेदन, अभिक्षमता परीक्षा, समूह चर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। साथ ही बैंकिंग परीक्षाओं के पैटर्न, प्रभावी बायोडाटा तैयार करने और संवाद कौशल बेहतर करने के तरीके बताए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य विभाग की प्रभारी डॉ. सदफ अतहर ने की। इस दौरान डॉ. आयुष यादव, डॉ. नितिन बख्शी, डॉ. प्रियतोष मिश्रा और आंचल पांडेय मौजूद रहीं। कार्यक्रम में पूर्व विद्यार्थियों के अलावा बीकॉम और बीएससी तृतीय वर्ष, एमकॉम और एमएससी के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विषय विशेषज्ञ ने जवाब दिया।