गोरखपुर गीडा के अलावा इंडस्ट्रियल एस्टेट में भी फ्लैटेड फैक्ट्री बनाई जाएगी। उद्योग विभाग इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर रहा है। जमीन भी चिन्हित हो चुकी है। जल्द ही इसका डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार के सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग ( एमएसएमई) मंत्रालय के कानपुर स्थित कार्यालय भेज दिया जाएगा। रेडीमेड गारमेंट्स को एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के रूप में मंजूरी मिलने के बाद गोरखपुर में फ्लैटेड फैक्ट्री की काफी संभावना बन गई है।
दरअसल, केंद्र सरकार की योजना के अनुसार, एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न उद्योगों के कलस्टर विकसित किए जा रहे हैं । इसके अंतर्गत कलस्टर बनाने में जो भी खर्च आता है उसका 60 प्रतिशत केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राज्य सरकार को वहन करती है।
इसी योजना के अंतर्गत जिला उद्योग विभाग ने गीडा और इंडस्ट्रियल एस्टेट में फ्लैट्टेड फैक्ट्री बनाने की योजना तैयार की है। इसके लिए कानपुर स्थित केंद्र सरकार के एमएसएमई मंत्रालय कार्यालय के अधिकारियों के साथ चर्चा के अलावा जमीन का मुआयना भी किया जा चुका है। इसके अंतर्गत जिला उद्योग विभाग के दफ्तर के पास ही करीब 2 एकड़ जमीन को फ्लैट्टेड फैक्ट्री के लिए मुफीद माना गया है।