यूपी के बस्ती जिले में कोहरे का कहर जारी है। यहां घने कोहरे के चलते शुक्रवार की सुबह जनपद की सीमा पर पांच छोटे-बड़े वाहन आपस में भिड़ गए। इसमें दो कार, दो ट्रक और एक यात्रियों से भरी लग्जरी बस शामिल है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। एनएचएआई की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन बहाल कराया। बताया जा रहा है कि सुबह आठ बजे फोरलेन के किनारे टायर मिस्त्री के यहां से पंचर बनवा कर लौट रहा ट्रॉला पटरी के किनारे दलदल में फंस गया, जिसे निकालने पहुंची एनएचएआई टीम की क्रेन की सुरक्षा के लिए अयोध्या से बस्ती लेन को स्टाप बोर्ड लगाकर थोड़ी देर के लिए रोक दिया गया।
उसी दौरान लेन पर आवागमन शुरू होने के इंतजार में खड़ी सैन्य सामग्री लदा ट्रक में घने कोहरे के चलते डीसीएम से जा टकराया। जब तक लोग समझ पाते उसके पीछे दो कारें और दिल्ली से बिहार जा रही 75 यात्रियों से भरी लग्जरी बस भी जा टकरा गईं।
दो ट्रकों के बीच फंसी कार क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें बैठे दो युवकों राजमणि अग्रहरि व सुभाष अग्रहरि दोनों निवासी अकब बजाजा थाना कोतवाली जिला अयोध्या को चोटें आई हैं। जिन्हें एंबुलेंस से अयोध्या जिला अस्पताल भेजा गया। जबकि अन्य वाहनों के सवार सुरक्षित बच गए।
दिल्ली से सहरसा बिहार जाने वाली बस के लगभग तीन दर्जन यात्री शाम तक दूसरे वाहन का इंतजार करते रहे। इस दौरान एनएचएआई व गोंडा जनपद के नवाबगंज थाने के लकड़मंडी चौकी प्रभारी राम प्रकाश सहित तमाम पुलिसकर्मी मौजूद रहे।