हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
नेपाल में बीती रात करीब एक बजे भैरहवा से ओखलढुंगा जा रही स्कॉर्पियो के पहाड़ से पलट जाने से पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सिद्धि चरण लोकमार्ग उदयपुर नगरपालिका वार्ड नंबर 14 स्थित भदौरे के पहाड़ पर भैरहवा से ओखलढुंगा जा रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर करीब एक किलोमीटर नीचे चली गई। हादसे में गाड़ी में सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला पुलिस कार्यालय देवपुर डीएसपी वेद प्रसाद गौतम ने बताया कि मृतकों में ओखलढुंगा के रामबहादुर शार्की (30) व कर्मी शार्की (26) की पहचान हुई है, अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। दुर्घटना का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
डीएसपी ने बताया कि घायलों में ओखलढुंगा के ही कुमार शार्की, कल्पना शार्की व ड्राइवर पवन खड़का बताए जा रहे हैं। मृतक और घायल सभी एक ही परिवार व सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। यह लोग दशहरे का त्योहार मनाने घर जा रहे थे। घायलों को कटारी अस्पताल के बाद बीपी कोइराला स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान धरान में इलाज के लिए भेजा गया है।