एक जून से गोरखपुर रेलवे स्टेशन से पांच जोड़ी ट्रेनें चलने लगेंगी। संकटकाल में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेल प्रशासन ने गाइडलाइन जारी की है। इसके अनुसार यात्रियों को ट्रेन छूटने के डेढ़ घंटे पहले स्टेशन पहुंचना होगा ताकि थर्मल स्कैनिंग हो सके।
कंफर्म टिकट वालों को ही स्टेशन परिसर में प्रवेश और यात्रा की अनुमति दी जाएगी। यात्रियों को फेस मास्क लगाना अनिवार्य होगा। एसी कोचों में पर्दे नहीं लगेंगे और बेडरोल भी नहीं दिए जाएंगे। यात्रियों को घर से अपनी व्यवस्था करके पहुंचना होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यात्री भोजन और पानी साथ लेकर आएं। आईआरसीटीसी की ओर से पैक्ड खाद्य सामग्री एवं पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर भुगतान के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खानपान के स्टॉल खुलेंगे लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर सामान लेना होगा। इसके साथ ही सभी यात्रियों को उनके मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है।
कोविड-19 के लक्षण हैं तो यात्रा नहीं, किराया वापस होगा
यदि किसी यात्री में कोविड-19 के लक्षण पाए जाते हैं तो उसे यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे यात्री टिकट परीक्षक से यात्रा न करने का प्रमाण पत्र लेकर टिकट की पूरी धनराशि वापस पा सकते हैं।