जगदीशपुर (गोरखपुर)। एम्स थाना क्षेत्र के कुसम्ही बाजार में बुधवार रात अज्ञात आरोपियों ने डीजे साउंड की दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चुरा लिया। पीड़ित दुकानदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, कुसम्ही निवासी आशीष कुमार की मोतीराम अड्डा रोड पर आशीष डीजे के नाम से दुकान है। बुधवार शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बृहस्पतिवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दुकान में रखा पांच एम्प्लीफायर, तीन एसआरपी मशीन और एक पायलट मशीन गायब थी। दुकानदार ने इसकी सूचना एम्स थाना क्षेत्र की जगदीशपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी महेंद्र पांडेय ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।