संवाद न्यूज एजेंसी
बड़हलगंज। थाना क्षेत्र के ओझवली गांव के पास मंगलवार भोर में फोरलेन के नीचे सर्विस लेन पर एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। टंकी फटने से उसमें आग लग गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर भोर में ओझवली फोरलेन से गुजर रहा था कि अचानक नियंत्रण खोने के कारण सर्विस लेन क्रॉस कर खाई में चला गया। टंकी फटने से आग लग गई और ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। भोर में टहल रहे स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाल सुनील कुमार राय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। सौभाग्य रहा कि समय रहते चालक ट्रक से कूदकर सुरक्षित बाहर निकल गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने नुकसान का आकलन कर लिया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।