दुकान में लगी आग,रजाई-गद्दे जलकर राख
बभनान के वार्ड-10 की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान (बस्ती)। गौर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बभनान के वार्ड 10(महागौरी मोहल्ले) में रजाई-गद्दे की दुकान में देर रात आग लग गई। इससे उसमें रखे रजाई-गद्दे व काफी सामान जल गया।
महागौरी मोहल्ले में प्रेम कुमार की रजाई गद्दे और रुई की दुकान है। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान में धुएं का गुबार उठते देख आसपास के लोग आग पर बुझाने में जुट गए। बावजूद इसके रुई और रजाई-गद्दों की आग बढ़ती रही। सूचना पर कुछ देर बाद बभनान चीनी मिल से पानी भरा टैंकर पहुंचा। कुछ देर बाद बस्ती की फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई और आग बुझाने में जुट गई।
समाचार लिखे जाने (रात 10.30 बजे) तक दमकल टीम आग बुझाने में जुटी थी। गौर थाना प्रभारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि वह और चौकी प्रभारी बभनान अरविंद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पा लिया गया है।