कार से फतेहपुर से गोरखनाथ का दर्शन करने आए थे युवक
अमर उजाला ब्यूरो
सहजनवां। कस्बे के हाईवे किनारे स्थित एक होटल की पार्किंग में खड़ी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धूं-धूंकर जलने लगीं और तेज लपटें निकलने लगी। पुलिस और दमकल कर्मियों ने आधे घंटे में आग बुझा ली, लेकिन कार जल कर नष्ट हो गई।
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर जनपद के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम साई पोस्ट मौहार निवासी सतीश सिंह अपने चार दोस्तों के साथ गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन के लिए निकले थे। रास्ते में देर होने के कारण हाईवे के किनारे एक होटल में रुक गए। सीएनजी कार को होटल के पार्किंग में खड़ी कर दी।
खाना खाने के बाद रात 1.40 बजे सोने चले गए। भोर में करीब तीन बजे पार्किंग में खड़ी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से आग की तेज लपटें उठने लगीं। होटल कर्मियों ने कार मालिक व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस और दमकल कर्मियों ने आधे घंटे में आग बुझा दी।