गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद में सोमवार शाम खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लगने से एक परिवार के आठ लोग झुलस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिये मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, नौरंगाबाद में खुशी मैरिज लॉन के पास सफीक अहमद का मकान है। सोमवार शाम करीब 4:15 बजे परिवार के लोग घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलिंडर में आग लग गई। आग की लपटें देखकर घर में मौजूद लोगों ने उसे बुझाने की कोशिश की। इस दौरान एक-दूसरे को बचाने और आग पर काबू पाने के प्रयास में परिवार के आठ सदस्य झुलस गए।
हादसे में तौफीक अहमद (53), रेहान (18), तुफैल अहमद (48), उमरा खातून (16), सफीक अहमद (70), शबनम खातून (45), बन्नो खातून उर्फ शाहीन (25) और उजमा (22) झुलस गए। हादसे के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
इसकी सूचना पीआरवी के माध्यम से पुलिस को मिली। माैके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। तुफैल अहमद (48), बन्नो खातून उर्फ शाहीन (25) और रेहान (18) की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचा दिया गया है।