सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के मिर्जवा सरदार गांव में शनिवार को सिलबट्टे से कूचकर महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस इस मामले में एक महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मिर्जवा सरदार गांव निवासी 32 वर्षीय स्नेहलता पत्नी साधु शरण मौर्य की शनिवार दिन में करीब 11 बजे हत्या कर दी गई थी। स्नेहलता के भाई अमित मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां ने फोन कर सूचना दी कि स्नेहलता के सिर में गंभीर चोट लगी है। सूचना मिलने पर वह घर से निकले और रास्ते में बहनोई साधु शरण से फोन पर घटना के बारे में पूछा।
इस पर उन्होंने बताया कि किसी कारणवश स्नेहलता घायल हो गई है और गांव वाले उसे एम्स लेकर जा रहे हैं। अमित के अनुसार जब वह एम्स पहुंचे तो उनकी बहन की मौत हो चुकी थी। उसके सिर, मुंह, हाथ और पैर पर गंभीर चोट के निशान थे। गले पर भी रस्सी के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन की सुनियोजित तरीके से किसी भारी वस्तु से मारकर हत्या की गई है।
तहरीर में गोपीनाथ, साधु शरण, रामू, उसकी पत्नी साधना, रामू की मां, बहन वंदना, छोटे बहनोई और बड़े बहनोई को आरोपी बनाया गया है। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।